बहरागोड़ा में ‘मंईया योजना’ फॉर्म विवाद के बाद प्रशासन ने किया विशेष कैंप का आयोजन
बहरागोड़ा | संवाददाता : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के पाथरा पंचायत अंतर्गत भालूकखुलिया गांव में ‘मंईया सम्मान योजना’ के फॉर्म भरने को लेकर कथित वसूली की खबर के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की है।
अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय
कुछ दिन पहले समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया था कि फॉर्म भरने के नाम पर लाभार्थियों से प्रति फॉर्म 100 रुपए वसूले जा रहे थे। इस खबर के मीडिया में आने के बाद प्रखंड प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कदम उठाए।
Advertisement

विशेष कैंप के माध्यम से फॉर्म निःशुल्क भरे गए
सोमवार को पाथरा पंचायत में प्रखंड प्रशासन द्वारा विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में पाथरा पंचायत के सभी पात्र लाभुकों से बारी-बारी फॉर्म निःशुल्क भरे गए। इस पहल से ग्रामीणों और खासकर महिलाओं को बड़ी राहत मिली, जिन्हें पहले फॉर्म भरने के लिए शुल्क देना पड़ रहा था।
आरोपित व्यक्ति पर थे वसूली के आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ महिलाओं और ग्रामीणों ने करण चंद्र सोरेन नामक व्यक्ति पर फॉर्म भरने के लिए पैसे वसूलने का आरोप लगाया था। प्रशासन की त्वरित प्रतिक्रिया ने विवाद को शांत किया और लाभार्थियों को बिना किसी शुल्क के सुविधा दी गई।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से मिली राहत
प्रखंड प्रशासन ने इस घटना के बाद यह स्पष्ट किया कि योजना का लाभ सभी पात्र लाभुकों को निशुल्क मिलेगा और किसी भी प्रकार की वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।