जमशेदपुर। शनिवार शाम मानगो पोस्ट ऑफिस रोड स्थित आवास प्लाजा में बड़ा हादसा हो गया। परिसर में स्थित रसराज स्वीट्स के किचन में दो गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटें फैलकर करीब 10 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दुकान के मालिक निताई साहू, कारीगर तपन नामता और एक ग्राहक बच्ची सोनिया शामिल हैं। इनमें तपन नामता की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आग लगते ही स्थानीय लोगों ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को सूचना दी। श्री राय ने तत्काल फायर ब्रिगेड को फोन कर आग पर काबू पाने का निर्देश दिया और अपने जनसुविधा प्रतिनिधियों व भाजपा कार्यकर्ताओं को राहत एवं बचाव कार्य में जुटने को कहा।
निर्देश मिलते ही नीरज सिंह, पिंटू सिंह, संतोष भगत, टुनटुन सिंह, संजय चौहान, पप्पू सिंह, विनोद राय, नित्यानंद सिन्हा, लालू गौड़, दीपक गौड़ सहित कई कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घायलों को सुरक्षित निकालकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में सोनिया और तपन नामता को भर्ती कराया गया। सोनिया के चेहरे पर गंभीर जलन है, जबकि तपन नामता की स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्रतिनिधियों से स्थिति की जानकारी मिलते ही विधायक सरयू राय ने एमजीएम अधीक्षक से सीधे बात की, जिसके बाद तपन नामता को आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
गौरतलब है कि इस कॉम्प्लेक्स में करीब 24 परिवार रहते हैं, जिन्हें जनसुविधा प्रतिनिधियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।