जमशेदपुर।
झारखंड सरकार के वन विभाग की पहल पर शनिवार को दलमा पहाड़ की तराई में “रन फॉर गजराज” मैराथन का आयोजन किया गया। हाथियों के संरक्षण और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ शहरबेड़ा फुटबॉल मैदान से किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्र की विधायक सविता महतो, जिले के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह, और गज परियोजना के उपनिदेशक सबा आलम अंसारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों की प्रतियोगिता आयोजित की गई। लगभग 16 किलोमीटर की यह दौड़ दलमा के सुंदर तराई क्षेत्रों से होते हुए पुनः शहरबेड़ा मैदान में समाप्त हुई। विजेता प्रतिभागियों को पहले से पांचवें स्थान तक नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विधायक सविता महतो ने इस अवसर पर कहा कि,
“झारखंड सरकार और वन विभाग का यह एक सराहनीय प्रयास है, जिसके माध्यम से हाथियों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंच रहा है।”
वहीं, गज परियोजना के उपनिदेशक सबा आलम अंसारी ने कहा कि,
“वन विभाग दलमा वन्यजीव अभयारण्य में हाथियों के संरक्षण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रहा है। टाटा स्टील जूलॉजिकल सोसाइटी भी इसमें सक्रिय सहयोग दे रही है। इस तरह की पहल न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ाती है बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा देती है।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।