Responsive Menu
Add more content here...

प्रशासनिक अनदेखी से जर्जर मानुषमुड़िया–बाउरीचुआ सड़क, ग्रामीण परेशान

Spread the love

बहरागोड़ा | संवाददाता

बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के मानुषमुड़िया गांव से बाउरीचुआ गांव को जोड़ने वाली संपर्क सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। प्रशासनिक अनदेखी के कारण सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले साइकिल सवार, वाहन चालक और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि आए दिन लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालक बार-बार गिरकर घायल हो रहे हैं। रात के समय अंधेरा होने से स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे आवागमन जोखिम भरा बन गया है।

Advertisement

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मानुषमुड़िया से बाउरीचुआ जाने के लिए यही एकमात्र सड़क है। बाउरीचुआ गांव में लगभग 80 परिवार रहते हैं, जिनकी आबादी करीब 437 है। सड़क खराब होने से रोजमर्रा की जरूरतों, इलाज और अन्य कार्यों के लिए बाहर जाना मुश्किल हो गया है।

ग्राम प्रधान बासु मुर्मु सहित सोमाय मुर्मु, टीपू किस्कु, गोपाल मुर्मु, बानो हांसदा, लालटू जेना, नीतीश सिंह, सोबान सोरेन, कनाई मुर्मु और बाबूलाल मुर्मु ने बताया कि इस सड़क को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि प्रखंड प्रशासन की ओर से कहा गया कि यह सड़क वन विभाग के क्षेत्र में आती है, इसलिए निर्माण संभव नहीं है। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से भी संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से आपसी समन्वय बनाकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।