बहरागोड़ा, संवाददाता (निलेश बेरा) 9 जुलाई 2025 – मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के भूतिया क्लस्टर में बुधवार को सूकर शावकों का वितरण किया गया। यह वितरण वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के लाभुकों के बीच किया गया।
कार्यक्रम में प्रत्येक लाभार्थी को एक यूनिट के रूप में चार मादा एवं एक नर शावक प्रदान किए गए। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत के मुखिया श्री विधान चंद्र मंडी एवं उप मुखिया उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बहरागोड़ा प्रखंड के पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने लाभार्थियों को पशु बीमा दावे की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुओं की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में योजना के तहत बीमा का लाभ कैसे लिया जा सकता है। इसके साथ ही, उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक तरीकों से पशुपालन प्रबंधन के बारे में मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, लाभार्थियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।