बहरागोड़ा (बापुन):
जिला उपायुक्त के निर्देश पर बहरागोड़ा प्रखंड सभागार में सोमवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह ने किया।

इस प्रशिक्षण में योजना के प्रचार-प्रसार, आधुनिक पशुधन प्रबंधन के तौर-तरीके और पशु बीमा से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रखंड के जनप्रतिनिधि, आजीविका पशु सखी, लाभार्थी, एआई कार्यकर्ता, पशु मित्र और झारखंड मिल्क फेडरेशन के पदाधिकारी मौजूद थे।
डॉ. सिंह ने उपस्थित पशुपालकों को आवेदन प्रक्रिया, पशुओं के बेहतर देखभाल के तरीके और मुख्यमंत्री पशुधन बीमा योजना के लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग्य पशुपालक इस योजना से दुधारू पशुओं की खरीद, बीमा और देखभाल में लाभ उठा सकते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान जेएसएलपीएस से जुड़े महिला समूहों से अपील की गई कि वे गांव-गांव जाकर किसानों को योजना के प्रति जागरूक करें। साथ ही “मेधा” ब्रांड से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को उच्च गुणवत्ता वाली दुधारू गायों के चयन के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण पशुपालकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना और पशुधन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना था।