चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित प्रसिद्ध नागानल मंदिर परिसर में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण जल जमाव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के चलते परिसर में पानी रुक गया, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया।
स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती के निर्देश पर नगर पंचायत प्रशासन ने बुधवार को जल निकासी का कार्य प्रारंभ किया। हालांकि, अत्यधिक बारिश और ढलान की कमी के कारण मंदिर परिसर में अब भी भारी मात्रा में पानी जमा है।
इस स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को नगर पंचायत द्वारा एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। यह कार्य सफाई सुपरवाइजर असीम नाथ की निगरानी में नगर पंचायत के कर्मचारियों ने किया।
स्थानीय श्रद्धालुओं ने प्रशासन से फॉगिंग कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नागानल मंदिर में उमड़ती है, ऐसे में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए फॉगिंग अति आवश्यक है।
नगर पंचायत ने आश्वासन दिया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए जल्द ही फॉगिंग अभियान भी चलाया जाएगा।