जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम): जनवितरण प्रणाली के तहत कार्यरत फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन (डुमरिया इकाई) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार से मुलाकात की और अपनी आठ सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने डीलरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और बकाया भुगतानों को लेकर विधायक से हस्तक्षेप की मांग की।
प्रमुख मांगों में शामिल हैं:
NFSA योजना के तहत दिसंबर 2024 से अगस्त 2025 तक और
JFSA योजना के तहत दिसंबर 2023 से जुलाई 2025 तक की कमीशन राशि का भुगतान,
चना वितरण से संबंधित बकाया (अप्रैल 2024 से),
खराब मशीनों की अदला-बदली,
निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा,
मासिक मानदेय में बढ़ोतरी और
कमीशन को ₹150 से बढ़ाकर ₹300 प्रति क्विंटल करने की मांग।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि तकनीकी समस्याओं और भुगतान में देरी से डीलरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन मांगों को लेकर उन्होंने विधायक से आग्रह किया कि वे इन्हें विधानसभा सत्र में उठाएं और संबंधित विभागीय सचिव तक पहुंचाएं।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष कायरा तीयू, उपाध्यक्ष तरणी सेन साव, कोषाध्यक्ष सातरी टापे, और जिला महासचिव रामचंद्र हांसदा शामिल थे। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं से राज्य भर के डीलर प्रभावित हैं, और त्वरित समाधान की आवश्यकता है।
विधायक संजीव सरदार ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर विभागीय स्तर पर उठाएंगे और समाधान का प्रयास करेंगे।