
बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन)
बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरी पंचायत स्थित चड़कमारा गांव के राधा कृष्ण मंदिर में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव 16 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व की तैयारियों में मंदिर समिति के सदस्य पूरी लगन से जुटे हुए हैं।

समिति के सदस्यों ने बताया कि जन्माष्टमी की तिथि 15 अगस्त की रात 12:58 बजे शुरू होकर 16 अगस्त की रात 10:29 बजे तक रहेगी। इस शुभ अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। रात में विशेष पूजा, हवन, भजन-कीर्तन और ठीक मध्यरात्रि में बाल गोपाल के जन्मोत्सव का आयोजन होगा।

जन्माष्टमी पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल है। बाजार रंगीन पोशाकों, मुकुटों और सजावट के सामान से सजे हुए हैं। मंदिर में भगवान के श्रृंगार की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। 16 अगस्त को होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
