रिकवरी एजेंट की धमकी से परेशान होकर लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा “मैं अच्छा बेटा नहीं बन सका”
रांची: मोबाइल ऐप से लोन लेने से पहले जरा संभल जाइए। जीरो कॉस्ट EMI और आसान प्रोसेस के लालच में आप बिना सोचे-समझे लोन के लिए अप्लाई कर बैठते हैं, लेकिन जब बात भुगतान की आती है, तो सामने ऐसी परेशानियां खड़ी हो जाती हैं जो आपकी जिंदगी को बुरी तरह झकझोर सकती हैं। कर्ज वसूली के दबाव का एक ऐसा ही दर्दनाक उदाहरण रांची में सामने आया है, जहां एक युवक ने परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
घटना रांची के करमटोली स्थित अन्नपूर्णा चौक की है। मृतक की पहचान रामगढ़ निवासी जय गोस्वामी के रूप में हुई है, जो वहां एक लॉज में किराए पर रह रहा था। जय एक निजी लगेज कंपनी में कार्यरत था। बुधवार को उसका शव कमरे से बरामद किया गया। पुलिस को मौके से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, जिससे इस आत्महत्या की वजह सामने आई।
सुसाइड नोट में जय ने लिखा है कि उसने एक मोबाइल ऐप के जरिए दो लाख रुपये का कर्ज लिया था, जिसे वह चुका भी चुका था। इसके बावजूद खुद को रिकवरी एजेंट बताने वाले लोग उसे लगातार व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज कर धमका रहे थे। धमकियां इतनी गंभीर थीं कि उसे जेल भेजने और परिवार को बदनाम करने की बात तक कही गई।
नोट में जय ने लिखा – “मैं अच्छा बेटा नहीं बन सका।”
यह पंक्ति पढ़कर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह अंदर से कितना टूट चुका था। पुलिस का कहना है कि युवक मानसिक रूप से बुरी तरह दबाव में था और इसी तनाव में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।