बहरागोड़ा। संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड के पारुलिया पंचायत अंतर्गत तेंतूलडांगरा गांव में श्रद्धा और भक्ति के माहौल में एकदिवसीय वैष्णव सेवा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में गोपीबल्लवपुर से पधारे महंत कृष्ण केशबानंद देव गोस्वामी विशेष रूप से शामिल हुए।
महाआरती और दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत महाआरती के साथ किया गया। इस अवसर पर 108 दीप प्रज्वलित कर महंत महाराज का स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने चरण स्पर्श कर पूजा-अर्चना की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
संकीर्तन के साथ निकली शोभायात्रा
महंत महाराज के गांव में प्रवेश के दौरान महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने संकीर्तन संप्रदाय के साथ उन्हें पूजा स्थल तक पहुंचाया। इसके बाद शोभायात्रा निकालकर पूरे तेंतूलडांगरा गांव की परिक्रमा की गई। सड़क पर महिलाएं शंख-घंटा बजाते हुए और “राधे-राधे” का जाप करती नजर आईं। पूरा क्षेत्र “हरे कृष्णा हरे कृष्णा, हरे राम हरे राम” के संकीर्तन से गूंज उठा।
Advertisement

भक्तों को दिया आध्यात्मिक संदेश
पूजा मंडप में पहुंचने के बाद महंत महाराज को सुसज्जित आसन पर विराजमान कराया गया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य को निरंतर कर्म करते रहना चाहिए और फल की चिंता भगवान पर छोड़ देनी चाहिए। साथ ही पंचम संस्कार के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की।
Advertisement

पश्चिम बंगाल और ओडिशा से आए श्रद्धालुओं ने ली दीक्षा
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल और ओडिशा से पहुंचे दर्जनों श्रद्धालुओं ने महंत महाराज के समक्ष दीक्षा ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।