देवघर: सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। महज तीन दिनों के भीतर कुल 4 लाख 75 हजार 659 श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित किया। यह संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है, जिससे बाबा धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
श्रावण के पवित्र अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु पहले सुल्तानगंज से गंगाजल उठाते हैं और कांवर यात्रा कर 100 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा के बाद देवघर पहुंचकर जलार्पण करते हैं।
प्रशासन ने भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें सुविधाएं देने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे शहर को सीसीटीवी कैमरों से मॉनिटर किया जा रहा है।
बाबा धाम में इस समय धार्मिक ऊर्जा और आस्था का अद्भुत संगम देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिसके लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।