चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली पंचायत स्थित राजबांध गांव में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय राजू सबर नामक युवक की सांप के डंसने से मौत हो गई। वह अपने बेटे के साथ घर के फर्श पर सो रहा था, तभी रात करीब 11 बजे एक जहरीले सांप (चिती) ने उसे डंस लिया।
परिजनों के अनुसार शुरुआत में राजू को सांप के डंसने की जानकारी नहीं हुई। लेकिन गुरुवार की भोर तीन बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों ने तुरंत एक स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक को बुलाया, जिसने घर पर ही प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे पहले चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर वहां से झाड़ग्राम (पश्चिम बंगाल) रेफर किया गया।
दुर्भाग्यवश, झाड़ग्राम ले जाने के क्रम में ही रास्ते में राजू की मौत हो गई। झाड़ग्राम अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की तैयारियां कीं।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस घर में राजू सबर सोया था, वहां एक सांप दिखाई दिया, जिसे बाद में मार दिया गया। इस घटना से गांव में शोक और भय का माहौल है।
स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसे मामलों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं और सांप-प्रतिरोधी उपाय उपलब्ध कराए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।