चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के चालुनिया पंचायत स्थित तुलसीबनी शिवराम आश्रम (जोड़ाम) में रविवार को शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के अवसर पर वैदिक विधि से नौ कन्याओं का पूजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में स्थानीय श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अध्यात्ममय वातावरण में कन्या पूजन को श्रद्धा के साथ संपन्न कराया गया।
पूजन कार्यक्रम का संचालन आश्रम के आनंद ब्रह्मचारी द्वारा विधिवत रूप से किया गया। पूजा के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं और बच्चों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिससे पूरे परिसर में भक्ति और सेवा का भाव व्याप्त हो गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन कोलकाता निवासी समाजसेवी विकास माधोगेढ़िया के सौजन्य से किया गया, जिनके सहयोग से यह धार्मिक आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित रूप में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आनंद ब्रह्मचारी के अलावा सौमित्र महतो, सुकुमार महतो, हरेन हांसदा, श्यामचरण मुंडा, अलका देवी, चंचला देवी, मालती देवी, लीला देवी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।