बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन) — बहरागोड़ा प्रखंड के अंतर्गत शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा एनएच-49 पर बड़शोल थाना क्षेत्र के समीप उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेड़ुवा गांव निवासी बिरेन खिलाड़ी (45) अपनी पत्नी अनुपमा खिलाड़ी और बेटी अन्नपूर्णा खिलाड़ी (10) के साथ हल्दीपोखर जा रहे थे, जहां उनके ससुर के अंतिम संस्कार का कार्यक्रम था। इसी दौरान, खड़गपुर से जमशेदपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक (WB 33 F 3612) ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी सड़क पर गिर पड़े। अन्नपूर्णा की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद बड़शोल थाना प्रभारी चंदन कुमार यादव और एएसआई कुलदीप ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रक को जब्त कर थाना ले आए।
घायलों को तुरंत बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बारिपदा स्थित पीआरएम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घायलों के उपचार में खेडुआ पंचायत की मुखिया सुलेखा सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।

मृतक बच्ची अन्नपूर्णा खिलाड़ी, जो कक्षा 5 की छात्रा थी, पढ़ाई में मेधावी और अपने शिक्षकों व साथियों की प्रिय थी। उसकी असमय मृत्यु से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बड़शोल पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। फिलहाल, माता-पिता की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।