
चाकुलिया, संवाददाता रोहन सिंह
गुरुवार को चाकुलिया प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में स्थानीय विधायक समीर महंती ने सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे कक्षा 8 के छात्रों को साइकिल वितरण योजना के तहत साइकिल सौंपी। वितरण के दौरान विधायक ने स्वयं साइकिल चलाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा है कि शिक्षा प्राप्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आए और इसके लिए विद्यार्थियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

विधायक ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले छात्रों के लिए साइकिल से आवागमन आसान होगा, जिससे उनका समय बचेगा और पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं चल रही हैं, जिनका लाभ सभी विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा, प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय और विधायक प्रतिनिधि समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
