Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग तेज़, श्रद्धांजलि सभा में चला हस्ताक्षर अभियान

Spread the love

जमशेदपुर, 24 अगस्त 2025:
जमशेदपुर के माइकल जॉन ऑडिटोरियम में रविवार को गुरुजी विचार मंच के तत्वावधान में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के महान जननायक दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन और पूर्व शिक्षा मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के दौरान दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग को लेकर एक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इस अभियान को कोल्हान प्रमंडल के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सभी विधायक, मंत्री, मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला।

जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा,

“गुरुजी के संघर्ष के कारण ही झारखंड को अलग राज्य का दर्जा मिला। नेमरा जैसे छोटे से गांव से निकलकर उन्होंने आदिवासियों, गरीबों और वंचितों के हक के लिए आंदोलन खड़ा किया। आज हमें जो झारखंड मिला है, वह उन्हीं की विरासत है।”

उन्होंने आगे कहा कि शिबू सोरेन को सभी वर्गों और समुदायों का सम्मान प्राप्त है और ऐसे महान जननेता को भारत रत्न से नवाजा जाना चाहिए।

“भारत सरकार को चाहिए कि वह झारखंड के इस सपूत को भारत रत्न देकर आदिवासी समाज के इस मसीहा को सच्ची श्रद्धांजलि दे।”

कार्यक्रम में भावनात्मक वातावरण के बीच लोगों ने बड़ी संख्या में हस्ताक्षर कर शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग का समर्थन किया।