रांची: झारखंड की सियासत से एक अहम खबर सामने आ रही है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि बाबूलाल सोरेन जमशेदपुर से रांची के नगड़ी की ओर जा रहे थे, लेकिन उन्हें रास्ते में ही तमाड़ इलाके में रोककर हिरासत में लिया गया।
इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को भी हाउस अरेस्ट किया गया था। जानकारी के अनुसार, वे ‘रिम्स-2’ के लिए अधिग्रहित की गई जमीन के विरोध में एक जन आंदोलन का नेतृत्व करने जा रहे थे। इस आंदोलन में वे प्रभावित आदिवासी समुदाय और अपने समर्थकों के साथ जमीन पर उतरने वाले थे।
रिम्स-2 को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है, और इसे लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। चंपई सोरेन और उनके पुत्र इस मुद्दे पर खुलकर सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई संभावित प्रदर्शन को रोकने के उद्देश्य से की गई है।