बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन):
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में करमा पूजा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। बुधवार को बहरागोड़ा महाविद्यालय में विशेष आयोजन हुआ, जहां कॉलेज परिसर स्थित करम पेड़ के नीचे पुजारी मोतीलाल सिंह मुंडा ने परंपरागत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई।
इस अवसर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूजा के बाद सभी उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने करमा पर्व से जुड़े पारंपरिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। मांदर की गूंज पर लोग देर तक नाचते-गाते रहे और पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा।
गांव-गांव में दिखा उत्सव का रंग
बहरागोड़ा प्रखंड के साकरा, केंवला, बेंदा, पाथरी, केशरदा, महुली, दांदूडीही, गुहियापाल, झरिया, पाटबेड़ा, चित्रेस्वर, पाचांडो, बाघाकुली, जयपुरा, ब्राह्मनकुंडी, खंडामौदा, मानुषमुडिया, भूतिया, पाथरा, दारिशोल, पाँचरुलिया, मालुआ, रुलीया, आसनबनी, महुकुडिया, नेडरा, चंद्रपुर और संखाभांगा समेत दर्जनों गांवों में करमा पूजा का आयोजन हुआ।
खंडामौदा गांव में पुजारी सरत चंद्र बेरा ने करम थान स्थित पेड़ के नीचे पूजा कराई। इस दौरान दो कन्याओं ने करम डाली लाकर पूजा स्थल पर स्थापित किया। पूजा के बाद लोग मांदर की थाप पर पारंपरिक करमा गीत गाते हुए नाचे और परिक्रमा की।
पूरी रात मांदर बजाकर नाच-गान का सिलसिला चलता रहा। गुरुवार सुबह करम डाली और बालू को स्थानीय नदी और तालाबों में विसर्जित कर पूजा का समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर बहरागोड़ा महाविद्यालय के निकेश चंद्र मुंडा, मोहन मुंडा, हरिश चंद्र सिंह, विवेक मुंडा, जवाहरलाल सिंह, दीप्ति रानी सिंह, गुड़िया मुंडा, जसबीर मुंडा, पुतुल मुंडा, लक्ष्मी मुंडा, सरस्वती मुंडा, धनली मुंडा, विमली मुंडा, पानो मुंडा और सोमवारी मुंडा समेत कई विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद थे।