Responsive Menu
Add more content here...

महालय पर टीम पीएसएफ ने शहर को दिया 10वां शतकवीर रक्तदाता, 1666वां एसडीपी डोनेशन भी पूरा

Spread the love

जमशेदपुर, 21 सितम्बर 2025।
शारदीय दुर्गा महोत्सव के शुभारंभ और महालय के पावन अवसर पर टीम प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (पीएसएफ) ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। संगठन के सक्रिय सदस्य रवि शंकर ने आज अपना 100वां एसडीपी (Single Donor Platelet) रक्तदान कर शहर को एक और शतकवीर रक्तदाता दिया।

रवि शंकर ने यह विशेष उपलब्धि अपने पिता स्व. सतीश कुमार सिन्हा को समर्पित करते हुए कहा कि यह पारी उनके आशीर्वाद और टीम पीएसएफ परिवार के सहयोग से संभव हो पाई है।

28 साल पहले शुरू हुआ सफर, आज बना मील का पत्थर

23 दिसंबर 1998 से रक्तदान का सिलसिला शुरू करने वाले रवि शंकर ने लगभग 55 वर्ष की आयु में यह ऐतिहासिक शतकीय पारी पूरी की। उनके सम्मान में जमशेदपुर ब्लड सेंटर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। रक्तदान के पश्चात उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

टीम पीएसएफ की बड़ी उपलब्धि

रवि शंकर के इस रक्तदान के साथ ही टीम पीएसएफ ने अपना 1666वां एसडीपी डोनेशन भी पूरा कर लिया। संगठन की इस उपलब्धि ने जमशेदपुर में रक्तदान आंदोलन को नई ऊंचाई दी है।

कार्यक्रम में रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉक्टर लव बहादुर सिंह, तकनीशियन मनोज कुमार महतो, सहित कई लोग मौजूद रहे।
टीम पीएसएफ से निदेशक अरिजीत सरकार, कुमारेस हाजरा, शुभेंदु मुखर्जी, किशोर साहू, उत्तम कुमार गोराई, अनिल प्रसाद समेत बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए।

टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने रवि शंकर को बधाई देते हुए कहा—
“यह सिर्फ एक रक्तदान नहीं, बल्कि जीवन बचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। रवि शंकर जैसे शतकवीर रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणा हैं।”