जमशेदपुर, 6 अक्टूबर 2025 – घाटशीला विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव की तिथि का ऐलान कर दिया गया है। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी, साथ ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने आज संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता कर आगामी चुनाव से जुड़ी अहम जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि घाटशीला निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। नामांकन प्रक्रिया 13 अक्टूबर से शुरू होगी और 21 अक्टूबर को अंतिम नामांकन लिया जाएगा। इसके बाद 22 अक्टूबर को स्क्रूटनी होगी, जबकि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर निर्धारित की गई है। चुनाव 11 नवंबर को संपन्न होगा और मतगणना की प्रक्रिया 14 नवंबर को पूरी की जाएगी।
घाटशीला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,55,823 मतदाता हैं और मतदान के लिए कुल 300 बूथ बनाए गए हैं। नामांकन सहित सभी प्रक्रियाएँ घाटशीला अनुमंडल कार्यालय में संपन्न होंगी, जबकि मतगणना जमशेदपुर में की जाएगी।
जिला प्रशासन ने बताया कि आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। अंतरराज्यीय और अंतरजिला बॉर्डरों पर भी सुरक्षा बल तैनात रहेंगे, जो चुनाव से संबंधित सभी गतिविधियों पर नजर बनाए रखेंगे।