Responsive Menu
Add more content here...

उपायुक्त ने ‘निर्वाण-2’ वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया, बुजुर्गों की सुविधा और देखभाल को लेकर दिए निर्देश, ऊनी वस्त्र किए वितरित

Spread the love

डुमरिया प्रखंड के बांकीशोल पंचायत स्थित बाकुलचंदा गांव में जिला प्रशासन की पहल पर संचालित ‘निर्वाण-2’ वृद्धाश्रम का निरीक्षण उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने किया। हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा संचालित इस आश्रम में रह रहे निराश्रित और असहाय बुजुर्गों से उन्होंने व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनकी दैनिक दिनचर्या, उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ बुजुर्गों के पेंशन, आधार कार्ड और बैंक खाता ना होने की बात सामने आने पर उपायुक्त ने बीडीओ डुमरिया को तत्काल आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, विश्राम कक्ष, शौचालय-स्नानागार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता का बारीकी से अवलोकन किया। वृद्धाश्रम प्रबंधन द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा मानवता का सर्वोच्च कार्य है और इस दिशा में संस्थान का प्रयास अनुकरणीय है।

ठंड के मौसम को देखते हुए उपायुक्त ने बुजुर्गों की सेहत और देखभाल को लेकर विशेष प्रबंध करने को कहा। उन्होंने आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के बीच ऊनी कपड़े, शॉल और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। साथ ही आश्रम कर्मियों को बुजुर्गों की जरूरतों पर सतर्कता से ध्यान रखने की सलाह दी।

वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के लिए निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, वस्त्र, दवाइयां, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उपायुक्त ने संस्थान की आवश्यकताओं की जानकारी ली और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और पोषण स्तर पर विशेष ध्यान रखने, मानसिक स्वास्थ्य समर्थन, योग-ध्यान और मनोरंजन कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। आश्रम परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ डुमरिया नीलेश मुर्मू, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।