पांचवें वर्ष की क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन
चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के कुचियाशोली मैदान में शनिवार को रसपाल स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में पांचवें वर्ष रसपाल प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुचियाशोली पंचायत की मुखिया दमयंती मुर्मू और पूर्व जिला परिषद सदस्य जगन्नाथ महतो ने फीता काटकर किया।
खिलाड़ियों से परिचय और बल्लेबाजी कर किया उद्घाटन
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतीकात्मक बल्लेबाजी कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल सात टीमें भाग ले रही हैं।
Advertisement

इन टीमों की हो रही है भागीदारी
प्रतियोगिता में परी इलेवन, सोनू इलेवन, राइजिंग स्टार, क्लासिक कट्स, श्रीनिका इलेवन, जय नागा बाबा एकादश और पायल इलेवन की टीमें शामिल हैं।
उद्घाटन मैच में परी इलेवन की जीत
उद्घाटन मुकाबला परी इलेवन और सोनू इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सोनू इलेवन ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए परी इलेवन ने 10 ओवर में सात विकेट खोकर 138 रन बनाए। टीम की ओर से अजय नायक ने 14 गेंदों में सर्वाधिक 37 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने में सोनू इलेवन रही पीछे
139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोनू इलेवन की टीम 10 ओवर में सात विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी। इस तरह परी इलेवन ने उद्घाटन मैच 43 रनों से जीत लिया।
दूसरे और तीसरे मैच के नतीजे
शनिवार का दूसरा मैच श्रीनिका एकादश और पायल इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें पायल इलेवन ने श्रीनिका एकादश को दो विकेट से हराया। वहीं तीसरे मुकाबले में परी इलेवन ने राइजिंग स्टार को 11 रनों से पराजित किया।
आयोजन में कमेटी की अहम भूमिका
प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही। उद्घाटन अवसर पर उप मुखिया सपन महतो, रसपाल गांव के ग्राम प्रधान सोनाराम किस्कू, दीपक कुमार सिंह, राहुल सिंह, बंदीराम हांसदा, स्वपन महतो, किशोर सिंह, राजू सिंह, रसिक टुडू, संजय सिंह, संजीव सिंह समेत बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।