Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: जूनियर क्रिकेट प्रीमियर लीग के लिए 145 खिलाड़ियों की नीलामी सम्पन्न

Spread the love

चाकुलिया। संवाददाता रोहन सिंह। 
चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को नई ऊंचाई देने वाली जूनियर पुरनापानी तरंगा टी-10 प्रीमियर लीग की तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित पुरनापानी विवाह मंडप में खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुरनापानी तरंगा क्लब द्वारा किया गया।

नीलामी प्रक्रिया के दौरान कुल 145 खिलाड़ियों पर छह टीमों के मालिकों ने बोली लगाई। इनमें से 90 प्रतिभावान खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों ने अपने स्क्वाड में शामिल किया। इस लीग में भाग लेने वाली छह टीमें हैं—गोल्डन लायंस, दक्षिणाशोल वॉरियर्स, यूनाइटेड गैंगस्टर्स, एसआर इलेवन, जेएनबी इलेवन और ए एस स्पोर्ट्स।

आयोजकों के अनुसार टी-10 फॉर्मेट में होने वाली इस रोमांचक प्रतियोगिता का आरंभ 23 दिसंबर से होगा। सभी लीग मैच पुरनापानी स्टेडियम में खेले जाएंगे। खिलाड़ियों और दर्शकों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

प्रतियोगिता के विजेता टीम को 12,000 रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 10,000 रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। क्लब के सदस्य देव महतो ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

नीलामी के दौरान खिलाड़ी, टीम मालिक और सदस्य उत्साह से भरे नजर आए। मौके पर सायमंस कुमार, सुदेव महतो सहित कई खेलप्रेमी और क्लब के सदस्य उपस्थित थे।