Responsive Menu
Add more content here...

रामनवमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की अहम बैठक सम्पन्न

Spread the love

जमशेदपुर। संवाददाता

आगामी रामनवमी महोत्सव की भव्य एवं सुव्यवस्थित तैयारी को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को साकची स्थित होटल दयाल इंटरनेशनल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने की, जबकि संचालन महासचिव भूपेंद्र सिंह ने किया। बैठक में रामनवमी महोत्सव को भव्य, अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर सर्वसम्मति बनी।


बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने पिछले वर्ष आयोजित रामनवमी अखाड़ा जुलूस की सफलता का उल्लेख करते हुए सभी अखाड़ा समितियों, पदाधिकारियों और प्रशासन के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष आयोजन शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ, जो सभी समितियों के समन्वय और समर्पण का परिणाम था। साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष कुछ स्थानों पर आई कमियों और अखाड़ों को हुई असुविधाओं पर भी चर्चा करते हुए इस वर्ष की तैयारियों को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।

समिति के संरक्षक नीरज सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष सभी अखाड़ा समितियों ने अनुशासन और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सभी समितियों के सहयोग से एक ही दिन में विसर्जन कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया, जो केंद्रीय समिति के प्रति सभी के विश्वास का प्रतीक है।

महासचिव भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 50 वर्षों से अखाड़ा समितियों ने केंद्रीय अखाड़ा समिति पर विश्वास जताया है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष नशामुक्त रामनवमी महोत्सव मनाया जाएगा। सभी अखाड़ा संचालकों से अपील की गई कि ध्वज और उससे संबंधित रस्सी को केवल शुद्ध और सात्विक व्यक्तियों द्वारा ही शोभायात्रा में उठाया जाए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रामनवमी महोत्सव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी, ताकि नारी शक्ति के सम्मान का संदेश समाज तक पहुंचे और आयोजन की भव्यता में वृद्धि हो।

समिति ने निर्णय लिया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में केंद्रीय समिति की टीम गठित की जाएगी, जो शोभायात्रा के दौरान अखाड़ा समितियों के साथ रहकर सहयोग करेगी। प्रत्येक पदाधिकारी को पांच-पांच अखाड़ा समितियों की जिम्मेदारी दी गई है, जो कलश यात्रा से लेकर शोभायात्रा तक समन्वय स्थापित करेंगे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सोशल मीडिया प्रभारी और सह प्रभारी विभिन्न प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली भ्रामक और विवादित खबरों पर नजर रखेंगे और ऐसी सूचनाओं की जानकारी तुरंत जिला प्रशासन को देंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति से बचा जा सके।

बैठक के दौरान केंद्रीय समिति के कार्यों को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति में शामिल होने का निर्णय लिया। समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने उन्हें विधिवत समिति में पदाधिकारी के रूप में शामिल किया।

नई जिम्मेदारियों के तहत पप्पू सिंह, नित्यानंद सिन्हा और डॉ. संतोष गुप्ता को सलाहकार बनाया गया। जनार्दन पांडेय को साउथ जोन ए का प्रभारी, अवतार सिंह को वेस्ट जोन ए का प्रभारी, आदित्य वर्मा को सह सचिव और जोनल संयोजक तथा धर्म कुमार, राहुल कश्यप और टी. विशाल राव को सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक के अंत में कोषाध्यक्ष शंभू मुखी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी पदाधिकारियों और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया और सभी से मिलकर रामनवमी महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने का आह्वान किया।