बहरागोड़ा के चड़कमारा में सौर ऊर्जा से सिंचाई परियोजना की शुरुआत की तैयारी, हजारों हेक्टेयर भूमि होगी उपजाऊ : विधायक समीर मोहंती
बहरागोड़ा प्रखंड के गुहीयापाल पंचायत अंतर्गत चड़कमारा मौजा में सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई परियोजना की शुरुआत की दिशा में गंभीर प्रयास शुरू हो गए हैं। तालाबनुमा एक बड़े गड्ढे को सिंचाई के उपयोग हेतु विकसित करने के लिए लघु सिंचाई विभाग ने स्थल का निरीक्षण कर कार्ययोजना बनानी शुरू कर दी है।
विधायक समीर मोहंती ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी। उनके निर्देश पर लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार, सहायक अभियंता दुष्यंत कुमार एवं कनिष्ठ अभियंता वरुण यादव ने शुक्रवार को स्थल का निरीक्षण किया और शीघ्र कार्य आरंभ करने को लेकर आवश्यक पहल की।
विधायक मोहंती ने कहा, “सौर ऊर्जा से संचालित यह परियोजना चड़कमारा और आसपास के गांवों की हजारों हेक्टेयर भूमि को सिंचित करेगी, जिससे खेती की संभावनाएं बढ़ेंगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। यह परियोजना जल संकट से राहत दिलाने में भी सहायक होगी।”
निरीक्षण के दौरान असित मिश्रा, निर्मल दुबे, मिंटू पाल, अरुण बारिक, मदन मन्ना, सुमित माईति समेत कई स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। उन्होंने इस विकासात्मक पहल के लिए विधायक और विभाग का आभार जताया।
विधायक ने यह भी कहा कि यह केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। आने वाले समय में और भी ऐसी योजनाओं को अमल में लाया जाएगा, जिससे बहरागोड़ा का हर किसान सशक्त बन सके।