चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम): झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा गुरुवार को घोषित इंटरमीडिएट कला संकाय परीक्षा परिणाम में चाकुलिया प्रखंड के छोटे से गांव जीरापाड़ा के सुमन कपाट ने जिले भर में 87.60% अंक हासिल कर दसवां स्थान प्राप्त किया है। सुमन की सफलता सिर्फ अंक में नहीं, बल्कि उसके संघर्ष में भी दिखती है – वह एक मजदूर परिवार से आता है।
अंकों का विवरण:
हिंदी: 89 अंक
बंगला: 81 अंक
भूगोल: 88 अंक
राजनीति विज्ञान: 84 अंक
आईटीएस: 96 अंक
सादगी भरा जीवन, ऊँचे इरादे
सुमन के पिता सत्य कपाट स्थानीय साबुन फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी मां करुणा कपाट एक गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सुमन ने कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
गांव में नहीं है कोई शिक्षक, अब खुद बनने का लिया संकल्प
सुमन ने बताया कि वह आगे चलकर आदर्श शिक्षक बनना चाहता है। उसका कहना है, “मेरे गांव में एक भी शिक्षक नहीं हैं। बच्चे पढ़ाई के लिए दूसरे गांव जाते हैं। मैं चाहता हूं कि गांव के बच्चों को अब बाहर न जाना पड़े।” उसने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया है।