हाजीपुर, 13 जून — बिहार के वैशाली जिले में अपराध पर शिकंजा कसते हुए पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिघी कला पूर्वी इलाके में अपराधियों के साथ मुठभेड़ के दौरान कुख्यात बदमाश राजीव माली गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुठभेड़ में राजीव माली को गोली उसके दाहिने घुटने में लगी। घायल बदमाश को सदर अस्पताल, हाजीपुर में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, राजीव माली पर रंगदारी, हत्या, गोलीबारी और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पकड़े गए प्रमोद कुमार, जो पटना के दानापुर का निवासी है, के अपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि वह भी कई मामलों में शामिल रहा है।
इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए वैशाली एसपी ललित मोहन शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पूरी तरह सुरक्षित रही और कोई जवान घायल नहीं हुआ। उन्होंने इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, STF और जिले की टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।