चाकुलिया, 28 जून – चाकुलिया प्रखंड के जमुआ पंचायत स्थित उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय केरूकोचा में शनिवार को एक विशेष शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बतौर मुख्य अतिथि बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चांदराय सोरेन ने की।
बैठक में विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने विधायक के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें प्लस टू स्तर पर विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति, ऑडिटोरियम का निर्माण, तथा अन्य आधारभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
इस अवसर पर दसवीं कक्षा में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 मेधावी विद्यार्थियों को विधायक समीर मोहंती ने प्रशस्ति पत्र, उपहार, तथा नकद राशि देकर सम्मानित किया। साथ ही विद्यालय के चारों हाउस से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी विधायक ने अपने निजी कोष से पुरस्कृत किया।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि समीर दास, मुखिया फुलमनी मांडी, ग्राम प्रधान रामचंद्र सोरेन, प्रधानाध्यापक संतोष कुमार, सहायक शिक्षक सुनील सिंह, बाबूलाल मांडी, सिदो हांसदा, सरकार किस्कू, तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
