बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा) : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के मानुषमुड़िया गांव के समीप स्थित साल जंगल में एक जंगली हाथी के पहुंचने की सूचना के बाद वन विभाग द्वारा आसपास के ग्रामीणों को सतर्क किया गया है। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथी के मूवमेंट पर निगरानी बनाए हुए है।
माटिहाना-चाकुलिया मुख्य सड़क पर सावधानीपूर्वक आवागमन की अपील
ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि वे हाथी के समीप जाकर मोबाइल से फोटो न लें, जंगल में सूखी लकड़ी या पत्ते बीनने न जाएं, और हाथी को किसी भी प्रकार से परेशान न करें। साथ ही, आमजन को निर्देश दिया गया है कि जंगली रास्तों का उपयोग यातायात के लिए न करें और यदि हाथी गांव की ओर बढ़े तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
वन विभाग ने विशेष तौर पर माटिहाना-चाकुलिया मुख्य सड़क पर चलने वाले लोगों से अपील की है कि वे सावधानीपूर्वक आवागमन करें, क्योंकि यह मार्ग हाथी के विचरण क्षेत्र के नजदीक स्थित है।
हालांकि अभी तक हाथी के कारण कोई नुकसान या हादसा नहीं हुआ है, फिर भी एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। वन विभाग की टीम लगातार मौके पर डटी हुई है ताकि हाथी को आबादी क्षेत्र में प्रवेश करने से रोका जा सके।
स्थानीय ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।