चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया जैसे मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए चाकुलिया नगर पंचायत प्रशासन ने सक्रिय कदम उठाए हैं। नगर क्षेत्र की नालियों और जलजमाव वाले स्थलों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव शुरू कर दिया गया है।
नगर पंचायत के प्रशासक चंदन कुमार ने इस अभियान को लेकर संबंधित कर्मियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा घर-घर जाकर लार्वा की जांच की गई और लोगों को इन बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया गया।
जांच के दौरान छह अलग-अलग जगहों पर डेंगू के लार्वा पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। संबंधित परिवारों को भविष्य में सावधानी बरतने की सख्त चेतावनी दी गई है।
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग से एमपीडब्ल्यू राजेंद्र कुमार महतो, विकास कुमार महतो, और नगर पंचायत से सफाईकर्मी असीम नाथ समेत अन्य कर्मी शामिल रहे।
