चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह) : — नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल नगर प्रशासक चंदन कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुरारी लाल शर्मा ने किया।
मुरारी लाल शर्मा ने प्रशासक को नगर क्षेत्र में बरसात के मौसम को देखते हुए कई अहम मुद्दों की ओर ध्यान दिलाया और त्वरित कार्रवाई की मांग की। प्रमुख मांगों में निम्न बिंदु शामिल थे:
- बाजार क्षेत्र की सभी नालियों की अविलंब सफाई की जाए।
- नालियों में एंटी लार्वा केमिकल और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए।
- शाम के समय फॉगिंग (धुंआ) की नियमित व्यवस्था की जाए।
- मुख्य सड़कों पर लगी खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू किया जाए।
- गणेश रुंगटा की राइस मिल से बासु रुंगटा की राइस मिल तक बनी पीसीसी सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।
नगर प्रशासक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इस मौके पर कांग्रेस के अन्य नेता व कार्यकर्ता भी उपस्थित थे, जिनमें रविंद्र नाथ मिश्रा, अभय मोहंती, अभिषेक मिश्रा समेत कई लोग शामिल थे।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि कांग्रेस की इस पहल से नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति में सुधार होगा।