ओडिशा के फकीर मोहन स्वशासी महाविद्यालय में छात्रा सौम्यश्री बीसी की आत्महत्या के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने इस मामले को लेकर केंद्र और ओडिशा की भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला है। झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि “देश एक बार फिर शर्मसार हुआ है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के नारे के साथ भाजपा सत्ता में आई थी, वह अब पूरी तरह खोखला साबित हो चुका है। सुप्रियो ने तीखा व्यंग करते हुए कहा, “भाजपा अब भारतीय जनता पार्टी नहीं, बल्कि ‘बेटी जलाओ पार्टी’ बन चुकी है।”
सौम्यश्री के मामले का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि कॉलेज के एक शिक्षक के खिलाफ न केवल सौम्यश्री ने, बल्कि कुल 10 छात्रों ने यौन उत्पीड़न की शिकायतें की थीं। इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा छात्रा को ही दोषी ठहराया गया, जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
झामुमो महासचिव ने कहा कि घटना के बाद देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा तो पहुंचे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने हाथरस, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पहलवानों के मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा जहां-जहां सत्ता में है, वहां महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।
उन्होंने पूर्व गृह राज्य मंत्री चिन्मयानंद के यौन उत्पीड़न मामले की याद दिलाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में भाजपा नेताओं को संरक्षण देना आम बात हो गई है।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, “प्रधानमंत्री खामोश हैं, और समाज आज यह सोचने पर मजबूर है कि बहन-बेटियों की सुरक्षा आखिर कौन करेगा। भाजपा के दोहरे चरित्र को देश अब पहचान चुका है।”