बहरागोड़ा। संवाददाता:
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के गम्हरिया पंचायत अंतर्गत छोटा सीरसी गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर धान लगे खेत में जा घुसी। इस हादसे में सालझाटिया गांव निवासी स्वर्ण व्यवसायी शैलेंद्र राणा बाल-बाल बच गए।
8 से 9 लाख रुपये का सोना सुरक्षित
जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र राणा पश्चिम बंगाल के मिदनापुर से अपनी दुकान के लिए सोना खरीदकर लौट रहे थे। कार में लगभग 8 से 9 लाख रुपये मूल्य का सोना रखा हुआ था, जो पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
अचानक बिगड़ा संतुलन, खेत में जा घुसी गाड़ी
छोटा सीरसी गांव के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खेत में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि व्यवसायी को गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खेत से बाहर निकाला गया। व्यवसायी ने पुलिस को बताया कि वे व्यापारिक कार्य समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।