Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा में मेगा सशक्तिकरण सह विधिक सेवा शिविर, 4.5 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में रविवार को बहरागोड़ा प्रखंड परिसर में मेगा सशक्तिकरण सह विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिविल जज कांचन टोप्पो ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सिविल जज कांचन टोप्पो ने लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों और कानून के प्रावधानों की जानकारी रखनी चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में उचित माध्यम से विधिक सहायता प्राप्त करने की अपील की।

शिविर में पैनल लॉयर मनोरंजन महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचल अधिकारी राजाराम सिंह मुंडा तथा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।

आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शिविर परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान मंच से विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच लगभग 4.5 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके अलावा पात्र लाभुकों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों, कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही और लोगों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।