Responsive Menu
Add more content here...

खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ चाकुलिया में झामुमो की बैठक, आंदोलन की बनी रणनीति

Spread the love

चाकुलिया। संवाददाता

चाकुलिया टाउन हॉल परिसर में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती उपस्थित रहे। इस दौरान केंद्र सरकार के प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में आगामी आंदोलन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक समीर कुमार मोहंती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी 7 सितंबर को प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आंदोलन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान प्रस्तावित विधेयक के संभावित प्रभावों पर भी चर्चा हुई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदाओं से जुड़े राज्य के अधिकारों एवं हितों को लेकर अपने विचार रखे। झामुमो नेताओं ने कहा कि राज्य के प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े निर्णयों में झारखंड और यहां के लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय बनाने और आगामी आंदोलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की गई। विधायक ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ आंदोलन को प्रभावी बनाने की अपील की।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो, साहेब राम मांडी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, बलराम महतो, ललित मांडी, डमन मांझी, मुखिया राधानाथ मुर्मू, जादु हेंब्रम, फुलमनी मांडी, वार्ड पार्षद मो. गुलाब, दासो हेंब्रम, अमर हांसदा, निर्मल महतो, बुबाई दास, तरुण बेरा, बुलबुल मंडल, राहुल महतो, बापी नंदी, मनोज महतो, बबलू हेंब्रम, मिथुन कर, शुभम दास समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।