Responsive Menu
Add more content here...

फटे अपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन कर 25 वर्षीय रूमा साव की बचाई जान

Spread the love

बहरागोड़ा। संवाददाता

बहरागोड़ा स्थित सिटी नर्सिंग होम में लेप्रोस्कोपिक एवं जनरल सर्जन डॉ. चंदन सिंह ने एक जटिल इमरजेंसी सर्जरी कर 25 वर्षीय महिला की जान बचाने में सफलता हासिल की। खंडामौदा पंचायत के दिगबर्दा गांव निवासी तपन साव की पत्नी रूमा साव पिछले चार दिनों से तेज पेट दर्द, उल्टी और खाना नहीं खा पाने की समस्या से परेशान थीं।

परिजनों के मुताबिक, शुरुआती स्तर पर दवाइयों के जरिए इलाज कराने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें सिटी नर्सिंग होम लाया गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. चंदन सिंह ने तत्काल जांच कराई। जांच में अपेंडिक्स में गंभीर सूजन और संक्रमण के संकेत मिले।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मरीज को तत्काल ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। सर्जरी के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि अपेंडिक्स काफी सूजकर काला पड़ चुका था और उसका एक हिस्सा फट गया था। इसके कारण पेट के अंदर संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ था।

डॉ. चंदन सिंह ने सावधानीपूर्वक सर्जरी करते हुए प्रभावित अपेंडिक्स को हटाया और संक्रमण को नियंत्रित करने की प्रक्रिया पूरी की। चिकित्सकों के अनुसार, मरीज का इलियोसीकल जंक्शन सुरक्षित रहा, जिससे ऑपरेशन के बाद स्थिति बेहतर बनी रही।

सर्जरी के बाद रूमा साव को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उन्हें आवश्यक एंटीबायोटिक दवाएं और लिक्विड डाइट दी जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।

मरीज के पति तपन साव ने सफल इलाज के लिए डॉ. चंदन सिंह और उनकी पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार और जटिल सर्जरी की सुविधा मिलने से उनकी पत्नी को बेहतर इलाज मिल सका।