बहरागोड़ा। संवाददाता
प्रभात फेरी के साथ शुरू हुआ समारोह
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर वीणापाणि पाठागार ने शनिवार को अपने स्थापना के 90 गौरवशाली वर्ष पूरे किए। इस अवसर को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस का आगाज़ सुबह बहरागोड़ा बाजार में निकली भव्य प्रभात फेरी से हुआ। कालीबाड़ी स्थित वीणापाणि पाठागार प्रांगण से शुरू हुई यह यात्रा पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पी.डब्ल्यू.डी. मोड़ के रास्ते वीणापाणि स्टेडियम पहुँची। रास्ते में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया।
पूर्व मंत्री ने फहराया पाठागार का ध्वज
प्रभात फेरी के बाद पाठागार परिसर में मुख्य समारोह आयोजित किया गया, जहां पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश षाड़ंगी ने पाठागार का ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के 90 वर्षों के योगदान को याद करते हुए इसे क्षेत्र की बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रगति का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
वीणापाणि चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन
कार्यक्रम के तहत युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए वीणापाणि स्टेडियम में प्रातः 10 बजे ‘वीणापाणि चैंपियंस ट्रॉफी’ क्रिकेट प्रतियोगिता का भी उद्घाटन किया गया। एक दिवसीय इस प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
क्षेत्र के लिए गर्व का विषय
संस्था के सदस्यों ने कहा कि 90 वर्षों का यह सफर केवल पाठागार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बहरागोड़ा के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और खेल प्रेमियों से इस सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने में सहयोग देने की अपील की।