रांची। भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी बाइचुंग भूटिया ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सौजन्य भेंट की।
इस दौरान दोनों के बीच राज्य में खेलों की संभावनाओं, विशेषकर फुटबॉल के विकास पर विस्तार से बातचीत हुई।
भूटिया ने कहा कि झारखंड के युवा फुटबॉल में गहरी रुचि रखते हैं और यहां की प्रतिभा में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता है। उन्होंने राज्य में खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं और आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भूटिया का स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड खेल प्रतिभा से समृद्ध राज्य है। सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे देश और दुनिया में राज्य का नाम रोशन कर सकें।
भूटिया और मुख्यमंत्री की यह मुलाकात राज्य में फुटबॉल को नई दिशा देने की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।