Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: सड़क हादसे में दो युवक घायल, एंबुलेंस नहीं पहुँची तो विधायक ने निजी वाहन से पहुँचाया अस्पताल

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : नगर पंचायत क्षेत्र के दिघी गाँव के समीप चाकुलिया–मटिहाना मार्ग पर शनिवार शाम हुई सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुँचाने के लिए 108 एंबुलेंस को कई बार कॉल किया, लेकिन वाहन मौके पर नहीं पहुँचा।

जानकारी मिलते ही बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे और अपने निजी वाहन से घायलों को चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। घायलों की पहचान सोनाहारा गाँव निवासी शंभू मुंडा (42 वर्ष) और माछकांदना गाँव निवासी योगेश्वर हांसदा (28 वर्ष) के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शंभू मुंडा चौठिया स्थित राइस मिल से काम समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे मोटरसाइकिल सवार योगेश्वर हांसदा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बताया गया कि योगेश्वर दूधियाशोल से फुटबॉल मैच देखकर लौट रहा था और नशे की हालत में बाइक चला रहा था। हादसे में शंभू मुंडा के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि योगेश्वर भी घायल हुआ है। वहीं बाइक पर सवार देवेन हांसदा बाल-बाल बच गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इस दौरान विधायक मोहंती ने अस्पताल प्रशासन से उपचार की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा और 108 एंबुलेंस सेवा की लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए बताया कि इस मामले को लेकर वे उपायुक्त से बात करेंगे।