बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा)
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बारासती चौक से पांचरुलिया गांव तक की जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो से मिला। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को अवगत कराया कि बारासती चौक से पांचरुलिया तक की सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन सेवाओं के लिए यह सड़क बड़ी बाधा बन गई है।
प्रतिनिधियों ने आग्रह किया कि मरम्मत कार्य अविलंब शुरू कराया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। प्रतिनिधिमंडल में तुषार कांति नायक, चिन्मय नायक, महादेव नायक, शिव शंकर नायक, निर्मल मुर्मू और पीयूष प्रधान समेत कई स्थानीय समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल थे। सभी ने एक स्वर में क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण मांग को सांसद के समक्ष रखा।
सांसद विद्युत वरण महतो ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर मरम्मत कार्य को शीघ्र शुरू कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “जनहित से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।”
यह मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी, और अब इसके समाधान की दिशा में पहल की उम्मीद जगी है।