चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार स्थित आनंद मार्ग विद्यालय में 15 से 17 मई 2026 तक तीन दिवसीय “गर्ल्स लीडरशिप ट्रेनिंग कैंप” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आनंद मार्ग सेवादल (महिला) के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण शिविर में बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को मजबूत करने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कैंप के दौरान नेतृत्व प्रशिक्षण, सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रेरणादायक सत्रों का आयोजन होगा। इसे बालिकाओं को भविष्य के लिए सक्षम और जिम्मेदार नेतृत्व प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आनंद मार्ग प्रचारक संघ के अध्यक्ष आचार्य विकासानंद अवधूत करेंगे। उद्घाटन समारोह में जमशेदपुर लोकसभा सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा बीडीओ आरती मुंडा, केंद्रीय समिति सदस्य अवधूतिका आनंद सुमिता आचार्या और केंद्रीय आनंद मार्ग सेवाडल (महिला) की अवधूतिका आनंद अभया आचार्या समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में भाग लेंगे।
15 मई को सुबह 9 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। वहीं 16 मई को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर के अंतिम दिन 17 मई को प्रभात फेरी, सेरेमोनियल परेड, प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरण और कैंप फायर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर बालिका सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास के इस प्रयास को सफल बनाने की अपील की है।