चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय सभागार में गुरुवार को विधायक समीर मोहंती ने नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बिजली, पेयजल, सड़क, नाली और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष उठाया। साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में बढ़ाए गए होल्डिंग टैक्स को लेकर भी नाराजगी जताई गई। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही संबंधित विभागीय मंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे का समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि नगर पंचायत के कई गांव अब भी पाइपलाइन आधारित पेयजल सुविधा से नहीं जुड़े हैं। इस पर विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे गांवों की सूची तैयार कर जल्द पानी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में भविष्य में पेयजल संकट से निपटने के लिए श्यामसुंदरपुर स्थित स्वर्णरेखा नदी से पाइपलाइन के जरिए पानी लाने की योजना पर भी चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया और कहा कि वे इसकी स्वीकृति के लिए सरकार स्तर पर पहल करेंगे।
इसके अलावा जुगीपाड़ा स्थित रंकिणी मंदिर के पास और मिस्त्रीपाड़ा में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की मांग भी रखी गई। वहीं पक्का घाट तालाब और राजबांध तालाब के जीर्णोद्धार की मांग पर भी चर्चा हुई।
स्वच्छता को लेकर विधायक ने नगर पंचायत प्रशासन को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबीन की व्यवस्था की जाए तथा लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाए ताकि स्वच्छता अभियान प्रभावी हो सके।
बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, पार्षद शतदल महतो, मो. गुलाब, मलय रूहीदास, मौसमी मल्लिक, कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।