Responsive Menu
Add more content here...

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को बंद रहेंगी मेडिकल दुकानें

Spread the love

जमशेदपुर: ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ देशभर के दवा दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर 20 मई को देशभर की मेडिकल दुकानें बंद रखी जाएंगी। इसको लेकर जमशेदपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता कर आंदोलन की जानकारी दी।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए दवाइयों की बिक्री लगातार बढ़ रही है, जिससे कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि ऑनलाइन बेची जाने वाली दवाइयों की गुणवत्ता और नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

केमिस्ट संगठनों का आरोप है कि कई मामलों में बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के भी दवाइयां उपलब्ध करा दी जाती हैं, जो मरीजों की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि ऑनलाइन खरीदी गई दवा से किसी मरीज को नुकसान होता है, तो जिम्मेदारी तय करना भी मुश्किल हो जाता है।

एसोसिएशन ने कहा कि स्थानीय मेडिकल दुकानदार सभी नियमों का पालन करते हुए डॉक्टर के पर्चे और निर्धारित मानकों के आधार पर ही दवाइयां उपलब्ध कराते हैं। उनका कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था पारंपरिक दवा कारोबार और मरीजों की सुरक्षा दोनों के लिए चुनौती बनती जा रही है।

प्रदर्शन के तहत 15 मई से दवा दुकानदार काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे। वहीं 20 मई को मेडिकल दुकानों को बंद रखकर देशव्यापी आंदोलन में भाग लेंगे।