चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह) । पुराना बाजार स्थित शिल्पी महल में इस बार दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा तैयार किया जा रहा भव्य पूजा पंडाल श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर देगा। पंडाल का डिज़ाइन केदारनाथ मंदिर के स्वरूप पर आधारित होगा और इसे पहाड़ों से घिरे वातावरण में सजाया जाएगा।
दुर्गा पूजा का आयोजन चाकुलिया में 2011 से लगातार हो रहा है। इस बार पूजा को और भी आकर्षक बनाने के लिए पंडाल की ऊंचाई 50 फीट और चौड़ाई 100 फीट निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य में चाकुलिया निवासी रोहित दास के कारीगर और उनकी पूरी टीम जुटी हुई है।
दुर्गा पूजा पंडाल में आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष डेकोरेशन लगाए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। पूजा कमेटी के अध्यक्ष पुलक रंजन महापात्र ने बताया कि पूरे पंडाल निर्माण और अन्य तैयारियों पर लगभग 5 से 6 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
पूजा के सफल आयोजन के लिए कमेटी दिन-रात कोष व्यवस्था और अन्य तैयारियों में जुटी हुई है, ताकि श्रद्धालुओं को एक भव्य और यादगार अनुभव मिल सके।