चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के पश्चिम बंगाल सीमा से सटे सरडीहा पंचायत के बांकशोल गांव के सबर टोला के पास बुधवार की शाम एक जंगली हाथी के हमला से घायल बांकशोल गांव निवासी अधेड़ खगेन हेंब्रम 52 की पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को लाश का पोस्टमार्टम होगा।
मिली जानकारी के अनुसार खगेन हेंब्रम अपनी साइकिल पर सवार होकर अपने घर से ससुराल सरडीहा गांव जा रहे थे। इसी दौरान बांकशोल गांव के सबर टोला के पास अचानक एक जंगली हाथी उनके सामने आ गया और उन पर हमला बोल दिया। हाथी ने उन्हें पटक दिया। इससे वे बुरी तरह घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को बेहतर इलाज के लिए एक वाहन से पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही वनरक्षी किरण मंडल भी मौके पर पहुंचे और घायल की स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए झाड़ग्राम ले जाने में सहायता की। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। क्षेत्र में हाथी के इस हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।