Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में घर पर हमला: साली को बिना बताए लाने से नाराज़ युवकों ने मचाया तांडव, सड़क जाम

Spread the love

चाकुलिया / (घाटशिला) संवाददाता (रोहन सिंह)
शुक्रवार दोपहर चाकुलिया के मिस्त्रीपाड़ा में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घाटशिला से आए करीब एक दर्जन बाइक सवार युवकों ने एक घर पर धावा बोल दिया। हमले के दौरान जमकर मारपीट, तोड़फोड़ और महिलाओं से अभद्रता की गई। घटना से गुस्साए लोगों ने बिरसा चौक के समीप सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात करीब आधे घंटे तक बाधित रहा।

सूचना मिलते ही चाकुलिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। कई आरोपित युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है।

पारिवारिक विवाद बना हिंसक झड़प का कारण

सूत्रों के अनुसार, मिस्त्रीपाड़ा निवासी मंगलदीप दास एक दिन पहले अपने ससुराल घाटशिला गया था। लौटते समय वह अपनी साली को बिना पूर्व सूचना के अपने घर ले आया। इस पर ससुराल पक्ष ने आपत्ति जताई। मामले को लेकर नाराज़गी इस हद तक बढ़ी कि शुक्रवार को घाटशिला से करीब 15 युवक 6–7 बाइकों पर सवार होकर चाकुलिया पहुंच गए।

बिरसा चौक के पास स्थित मंगलदीप के घर पहुंचते ही आरोपितों ने दरवाजा खटखटाया। बताया जा रहा है कि दरवाजा खोलने में थोड़ी देरी हुई, जिससे उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने न सिर्फ मंगलदीप पर हमला किया, बल्कि घर में घुसकर तोड़फोड़ भी मचाई।

तलवार, चाकू और डंडों से लैस थे युवक

घटना को लेकर पीड़िता पूर्णिमा दास ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि रंजन दास, देवांजन दास, मनोरंजन दास, राजा दास और अमित दास समेत करीब 15 युवक हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुसे। उन्होंने न केवल पुरुषों को पीटा, बल्कि महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों से पूछताछ जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए चाकुलिया पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच चल रही है I