Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: हाथियों के हमले में वन विभाग की क्यूआरटी टीम के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल, झाड़ग्राम रेफर

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह) : चाकुलिया प्रखंड के बड़ामारा पंचायत अंतर्गत मौरबेड़ा गांव में शुक्रवार की शाम हाथियों ने वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) पर हमला कर दिया। इस हमले में टीम के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान पश्चिम बंगाल के गोईदो निवासी धर्मा सोरेन, चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली पंचायत के देवशोल गांव निवासी अभिषेक सिंह और चाकुलिया नगर पंचायत के दिघी गांव निवासी आशीष मांडी के रूप में हुई है।

इलाज के लिए झाड़ग्राम रेफर

घटना के बाद तीनों को तुरंत चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार धर्मा सोरेन को गर्दन और छाती में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अभिषेक सिंह और आशीष मांडी को अंदरूनी चोटें लगी हैं।

हाथियों के झुंड ने किया अचानक हमला

ग्रामीणों और वन विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मौरबेड़ा गांव के पास करीब छह हाथियों का झुंड मौजूद था। जब वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम के सात सदस्य हाथियों को गाँव से दूर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक हाथियों ने टीम पर हमला कर दिया।


हमले में तीन सदस्य घायल हो गए, जबकि अन्य टीम सदस्य किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

ग्रामीणों ने दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग कार्यालय को सूचना दी। बाद में टीम के अन्य सदस्यों ने विभागीय वाहन से घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि हाथियों का यह झुंड पिछले कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है और ग्रामीण लगातार आतंकित हैं।