Responsive Menu
Add more content here...

मंत्री रामदास सोरेन को आज दी जाएगी अंतिम विदाई, कई स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाएँ आयोजित

Spread the love

रांची/जमशेदपुर। झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन जी के निधन के बाद आज (शनिवार, 16 अगस्त 2025) पूरे दिन विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन होगा और शाम तक उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 7:10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर को रांची लाया जाएगा। 9:15 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान के पहुँचने के बाद वहां से सड़क मार्ग द्वारा पार्थिव शरीर विधानसभा लाया जाएगा, जहाँ सुबह 9:45 बजे झारखंड विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी।

इसके बाद 10:30 बजे रांची से पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से होते हुए रामपुर रिंग रोड, बुंडू, खूंटी, चांडिल, डिमना चौक, गालूडीह होकर घाटशिला लाया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे घाटशिला के मऊभंडार स्थित HCL मैदान में विधानसभा स्तरीय श्रद्धांजलि सभा होगी।

दोपहर 1:30 बजे वहाँ से प्रस्थान कर पार्थिव शरीर 2:00 बजे जमशेदपुर स्थित मंत्री आवास, घोड़ाबांधा पहुँचेगा, जहाँ ग्रामीणों और अतिथियों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद अंतिम यात्रा मंत्री आवास से धूमा कॉलोनी के लिए निकलेगी।

दोपहर 3:30 बजे धूमा कॉलोनी में अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर रखा जाएगा। इसके पश्चात शाम 4:00 बजे राजकीय सम्मान के साथ वहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा।

झारखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्व. रामदास सोरेन की अंतिम यात्रा में हज़ारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।