अहमदाबाद | बड़ी खबर
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही क्षणों बाद क्रैश हो गई। विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हादसा दोपहर 1:40 बजे हुआ, जब ड्रीमलाइनर बोइंग 787 विमान टेकऑफ के दौरान एयरपोर्ट की सीमा दीवार से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और विमान में आग लग गई। हादसा एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के नजदीक हुआ, जिससे पूरा इलाका धुएं के गुबार में ढक गया।

अब तक की स्थिति:
50 शव मलबे से बरामद: राहत कार्य जारी है, बचावकर्मी लगातार घायलों और शवों की तलाश में जुटे हैं।
विजय रूपाणी विमान में मौजूद: शुरुआती सूचना के अनुसार, हादसे के वक्त रूपाणी विमान में सवार थे। उनकी स्थिति की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
तकनीकी खराबी मानी जा रही कारण: शुरुआती जांच में इंजन फेलियर की बात सामने आई है, हालांकि विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
सूरत और वडोदरा से राहत टीमें रवाना: फायर ब्रिगेड की 25 गाड़ियां अहमदाबाद भेजी गई हैं, साथ ही सूरत से विशेष रेस्क्यू टीम भी पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल रवाना: सीएम पटेल हादसे की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए हैं।
गृहमंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया: गृहमंत्री ने तुरंत गुजरात सीएम से बात कर स्थिति की जानकारी ली।
चश्मदीदों ने बताया:
स्थानीय लोगों के मुताबिक विमान के गिरते ही तेज धमाके की आवाज आई, और देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत एयरपोर्ट क्षेत्र को सील कर दिया।
